न्यूज मोहल्ला भोपाल, मध्य प्रदेश। भारतीय जनता युवा मोर्चा की हाल ही में जारी प्रदेश कार्यकारिणी सूची में भोपाल की युवा प्रतिभा सुश्री श्रुति सिंह को प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

उनकी इस नियुक्ति को लेकर युवा वर्ग, महिला कार्यकर्ताओं और कला जगत में ख़ासा उत्साह देखा जा रहा है।

यह नियुक्ति भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा घोषित नई टीम के अंतर्गत की गई है। 

संगठन ने श्रुति सिंह की ऊर्जा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर यह जिम्मेदारी दी है, अपने नए दायित्व में वे विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगी।

श्रुति सिंह का व्यक्तित्व बहुआयामी है। वे न सिर्फ एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता हैं, बल्कि कला और सिनेमा की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।एक थिएटर आर्टिस्ट, टीवी एक्ट्रेस और फिल्म डायरेक्टर के रूप में उन्होंने रंगमंच से लेकर कैमरे तक अपनी मज़बूत छाप छोड़ी है।

बताया जाता है कि उन्होंने मशहूर फिल्मकार प्रकाश झा के साथ निर्देशन के क्षेत्र में काम कर फिल्म निर्माण की गहरी समझ हासिल की है। कला क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें उस्ताद बिस्मिल्लाह खान राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके रचनात्मक कौशल और समर्पण का प्रमाण है।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवकसंघ की विचारधारा से जुड़ी रही हैं और वर्ष 2019 के भोपाल लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रबंधन एवं संगठनात्मक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। “मोदी वन्स मोर” अभियान, उपचुनाव और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।

शैक्षणिक रूप से भी वे मजबूत पृष्ठभूमि रखती हैं। उन्होंने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक (B.E.) तथा बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल से मानव संसाधन (HR) में MBA की डिग्री प्राप्त की है।

इसके अलावा, वे सदस्यता अभियान, युवा संवाद, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय रही हैं। वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, नशा मुक्ति अभियान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी उनका निरंतर योगदान रहा है।

इससे पहले उन्हें युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी दी जा चुकी है। संगठन में उनकी निरंतर सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अब उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

महिला आरक्षण लागू होने की संभावनाओं के बीच श्रुति सिंह जैसी युवा महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाना संगठन की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। उनकी नियुक्ति से महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

श्रुति सिंह ने इस ज़िम्मेदारी के लिए संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी और अधिक से अधिक युवाओं व महिलाओं को जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।