न्यूज मोहल्ला - भोपाल, 12 अप्रैल 2026 (रविवार)
मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के तत्वावधान में आज भोपाल में “दूसरा ऑल इंडिया शरई तआरूफ़ी जलसा” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल सी.एस. एफ. सी. के गुलमोहर बैंक्वेट हॉल में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों परिवारों ने भाग लेकर आपसी परिचय के माध्यम से निकाह के लिए रिश्तों पर चर्चा की।
इस कार्यक्रम के कन्वेनर एडवोकेट सैय्यद अशरफ अली ने बताया कि परिषद के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद माहिर एडवोकेट के मार्गदर्शन में आयोजित यह आयोजन पारंपरिक परिचय सम्मेलन से अलग था। इसका उद्देश्य ऐसे परिवारों को एक मंच देना था, जो अपने बेटे-बेटियों का निकाह बिना दहेज और गैर-जरूरी रस्मों के, सुन्नत-ए-रसूल के अनुसार करना चाहते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इस जलसे में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों, खंडवा, जबलपुर, शाजापुर, उज्जैन, इंदौर, सीहोर, सागर, होशंगाबाद, विदिशा, टीकमगढ़, मंडला, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, खरगौन, रतलाम और भोपाल सहित, के अलावा दिल्ली, झांसी, रायपुर, टोंक, नागपुर और अकोला जैसे शहरों से भी लगभग 250 बायोडाटा प्राप्त हुए। इनमें अविवाहित युवक-युवतियों के साथ-साथ तलाकशुदा एवं विधवा महिलाएं तथा ऐसे पुरुष शामिल थे जिनकी पत्नी का निधन हो चुका है या जिनका तलाक हो चुका है।
कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए। सैय्यद अशरफ अली के अनुसार, इस जलसे में 40 परिवारों के रिश्ते तय हुए, जबकि 12 परिवारों ने आपसी सहमति के साथ आगे बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर भोपाल की सक्रिय संस्था BBM के राष्ट्रीय अध्यक्ष शोएब हाशमी ने उन 15 युवक-युवतियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया, जिन्होंने हाल के महीनों में बिना दहेज और सादगीपूर्ण तरीके से इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह किया है।
वहीं मुस्लिम पसमांदा समाज के प्रतिनिधि जाहिद मंसूरी, शाकिर अली और रहमान साहब ने परिषद के सदस्यों का हार पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर शावेज़ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सैय्यद फैज़ अली द्वारा किया गया।
यह आयोजन समाज में सादगीपूर्ण और शरीयत के अनुरूप निकाह को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।